
![]()
चतरा के इटखोरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा इटखोरी-चौपारण मुख्य मार्ग स्थित सपना होटल के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया. ईंट पथाई कर घर लौटने के दौरान चौपारण थाना क्षेत्र के मध्यगोपाली निवासी तोखलाल साव के पुत्र ललन कुमार साव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. वहीं, उसी गांव के संजीवन साव का पुत्र बब्लू कुमार साव गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से इटखोरी से अपने घर लौट रहे थे. मृतक के दादा ने अस्पताल परिसर में रोते हुए बताया कि ललन अपने एक रिश्तेदार को खाना छोड़ने आया था. लौटते समय यह हादसा हो गया. इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी पुलिस की टीम एएसआई राजेश राम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने ललन को मृत घोषित कर दिया, जबकि बब्लू की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. फरार वाहन की तलाश में छापेमारी : घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही वाहन को जब्त कर लिया जाएगा और चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इधर, इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है.
Source link



