
जमशेदपुर : शनिवार को झारखंड की विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर इकाई ने जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से रैली के रूप में निकले कार्यकर्ता डीसी कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती कर रखी थी। बाद में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर और उत्पाद सिपाही भर्ती सहित विभिन्न परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा।




