
लातेहार: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को लातेहार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मनिका प्रखंड की बरकाडीह पंचायत में पदस्थापित पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने पूरे मामले का गुप्त रूप से सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सचिव को अपने साथ लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।



