
रांची: प्रदेश की राजधानी रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रातू रोड स्थित रतन लाल कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर करीब 800 किलो कथित नकली पनीर सहित भारी मात्रा में संदिग्ध देसी घी, क्रीम और खोवा बरामद किया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद फूड सेफ्टी ऑफिसर मनोज कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने परिसर में छापा मारकर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान सजल श्रीवास्तव, शिव नंदन यादव समेत विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विभाग ने मौके से सभी खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रारंभिक जांच की। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती परीक्षण में नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। हालांकि अंतिम पुष्टि प्रयोगशाला की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। इसी उद्देश्य से सभी सैंपलों को अधिकृत लैब भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSSAI Act) के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यदि लैब जांच में मिलावट या नकली खाद्य सामग्री की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन से पहले हुई इस कार्रवाई को विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों की सेहत से किसी तरह का खिलवाड़ न हो सके। अब सभी की निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



