
हजारीबाग: ईचाक थाना क्षेत्र के सिझुआ बिरहोर टोला में गुरुवार को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही साथी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुनील बिरहोर के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप विजय बिरहोर पर लगा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में विजय बिरहोर ने धारदार हथियार से कई वार कर दिए, जिससे सुनील बिरहोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ईचाक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे बिरहोर टोला में शोक और दहशत का माहौल है।




