
नई दिल्ली/चाईबासा। पूरे भारतवर्ष में संचालित गौ सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत दिनांक 5 एवं 6 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित गोल्डन एप्पल बैंक्विट हॉल में दो दिवसीय केंद्रीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में देशभर से संत-महात्मा, अभियान के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों एवं जिलों के प्रभारी तथा बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल हुए।

बैठक में पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) जिले का प्रतिनिधित्व जिला प्रभारी सर्वेश प्रसाद, सह जिला प्रभारी समीर पाल तथा नगर संयोजक दुवारिका शर्मा ने किया। सभी प्रतिनिधियों ने अभियान की प्रगति पर अपने विचार रखे तथा आगामी चरणों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
गौरतलब है कि गौ सम्मान आवाहन अभियान पूरे देश में तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है।

प्रथम चरण के अंतर्गत 27 अप्रैल 2026 को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से एक प्रार्थना-पत्र सौंपा गया, जिसमें गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा देने, देशभर में प्रभावी गौ-रक्षा कानून बनाने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा केंद्र एवं राज्यों में गौ-रक्षा मंत्रालय/कैबिनेट व्यवस्था की स्थापना की मांग की गई।
इसके पश्चात द्वितीय चरण में 27 जुलाई 2026 को पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त महोदय को स्मरण-पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर प्रथम चरण में प्रस्तुत मांगों को पुनः स्मरण कराते हुए आग्रह किया गया कि ज्ञापन को माननीय राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री तक प्रभावी रूप से प्रेषित किया जाए।
दिल्ली में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान के तृतीय चरण, जो 17 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होगा, की रूपरेखा तय की गई। इस चरण में देशभर के राज्यों में माननीय राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर गौ माता की सुरक्षा के लिए सशक्त कानून बनाने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ-रक्षा के लिए पृथक मंत्री अथवा मंत्रालय की व्यवस्था करने की मांग उठाई जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी संतों एवं पदाधिकारियों ने अभियान को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं जन-जागरण के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक गौभक्तों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।




