
रामगढ़: जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस ने भारी मात्रा में शराब बरामद की है। ट्रेलर में लदी शराब के संबंध में मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को शनिवार, 8 अगस्त 2026 को करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि हेसागढ़ा में एक ट्रेलर JH02BU-6500 खड़ा है, जिसमें शराब लदी हुई है। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने हेसागढ़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर ट्रेलर की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रेलर के डाले से Royal Stag की 103 कार्टन में कुल 1,236 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 927 लीटर है।
शराब पर लिखा था- ‘For Sale in Haryana Only’
पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की बोतलों पर “For Sale in Haryana Only” लिखा हुआ है। इससे शराब की खेप के अवैध तरीके से परिवहन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसका खुलासा पुलिस की आगे की जांच में होने की उम्मीद है।
मौके पर शराब से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पुलिस ने शराब लदे ट्रेलर को जब्त कर मांडू थाना ले आई।
केस दर्ज, जांच शुरू
मामले में मांडू थाना कांड संख्या 180/26, दिनांक 08 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय दंड विधि की धारा 272/273/34 तथा 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुकमणी समेत थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हरियाणा में बिक्री के लिए चिह्नित शराब की इतनी बड़ी खेप रामगढ़ कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।




