
बीरभूम: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से सावन सोमवार के दिन एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तारापीठ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के ठहरने वाले एक होटल में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में सात लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सावन सोमवार को लेकर तारापीठ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इनमें कई श्रद्धालु पास के होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 4 बजे होटल में अचानक आग लग गई। उस समय अधिकांश लोग अपने कमरों में सो रहे थे, जिसके कारण अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम भी किया गया।
हादसे में झुलसे और घायल लोगों को तत्काल रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, होटल में आग लगने की वजह एसी में शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है।
सावन सोमवार के मौके पर तारापीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ होटल में सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।





