
रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना गांव में सोमवार की अहले सुबह जंगली हाथियों के झुंड के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खेत और गांव के आसपास अचानक हाथियों के पहुंचने से लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान हाथियों ने डाड़ीटुंगरी निवासी 50 वर्षीय भानो देवी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जान्हें इलाके में हाथियों की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की भी सूचना है।
बताया गया कि हाथियों का झुंड बड़कीपोना-बघलता की ओर से गांव में दाखिल हुआ था। उस समय भानो देवी अपनी बारी में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों ने उन्हें घेर लिया और कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। इस झुंड में करीब 15 हाथी शामिल हैं।
महिला की मौत के बाद हाथियों का झुंड आगे बढ़ते हुए बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और ईदगाह मैदान की ओर पहुंच गया। हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, हाथियों के नजदीक पहुंचना बेहद खतरनाक होने के बावजूद कुछ लोग उनका वीडियो बनाने के लिए भीड़ के साथ आगे बढ़ते नजर आए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे हाथियों के झुंड से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और उन्हें घेरने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें।
फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। हाथियों के गांव से सुरक्षित रूप से निकलने तक ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।






