
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारतीय नौसेना के एक नाविक और उसके परिवार की मौत से सनसनी फैल गई। दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके में नौसेना के सरकारी क्वार्टर से 30 वर्षीय नौसेना के जवान पूरनमल शंभूलाल मेहरा, उनकी पत्नी और दो बच्चों के शव बरामद किए गए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नाविक ने पहले पत्नी और बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक जवान मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। घटना से पहले उसने अपनी मां को व्हाट्सऐप पर एक ऐसा संदेश भेजा था, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। सूत्रों के अनुसार, 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे उसने अपनी मां को मैसेज किया था- आओ और हमारी लाशें ले जाओ।
बताया जा रहा है कि मेहरा की मां ने अगले दिन सुबह जब व्हाट्सऐप मैसेज देखा तो वह घबरा गईं। उन्होंने बेटे को फोन किया, लेकिन कई बार कोशिश करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
मृतक के पिता शंभूलाल मेहरा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नौसेना के कंट्रोल रूम से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। जब सरकारी क्वार्टर का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
क्वार्टर के अंदर पूरनमल मेहरा का शव फंदे से लटका हुआ मिला। वहीं उनकी 28 वर्षीय पत्नी ओमा और उनके दो बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। दंपति का तीन साल का बेटा यश और महज दो महीने का बच्चा भी मृत मिला।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मेहरा ने पहले अपने परिवार को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराया और इसके बाद आत्महत्या कर ली। हालांकि, परिवार की मौत के पीछे इस्तेमाल किए गए पदार्थ की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के दौरान पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मेहरा ने अपने और अपनी पत्नी के मोबाइल फोन को फॉर्मेट कर दिया था। इससे जांचकर्ताओं के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अब दोनों मोबाइल फोन से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि फोन से कौन-कौन सी जानकारी हटाई गई थी और घटना से पहले मेहरा की किन लोगों से बातचीत हुई थी।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मेहरा कथित तौर पर पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। बताया जा रहा है कि मुंबई के एक अस्पताल में उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस अब उसकी मेडिकल हिस्ट्री और इलाज से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मेहरा और ओमा की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई है। घटना से कुछ दिन पहले मेहरा के पिता मुंबई आए थे और कथित तौर पर बेटे, बहू और बच्चों को अपने साथ घर ले जाना चाहते थे। हालांकि, मेहरा ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद फोन पर पिता और बेटे के बीच तीखी बहस होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि पारिवारिक विवाद और आर्थिक तनाव का इस घटना से कोई सीधा संबंध था या नहीं।
जांचकर्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मेहरा ने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को किस पदार्थ का सेवन कराया था। पुलिस को इसकी पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।





