
पश्चिम बंगाल; होटल में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तारापीठ की घटना के बाद अब कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भी एक होटल में भीषण आग लग गई। फ्री स्कूल स्ट्रीट क्षेत्र के इस होटल में आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आग बुधवार तड़के होटल के एक कमरे में लगी और देखते ही देखते आसपास के कमरों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
तारापीठ की घटना के बाद फिर हादसा
इससे पहले 17 अगस्त को पश्चिम बंगाल के तारापीठ में भी एक चार मंजिला होटल में आग लगने की दर्दनाक घटना हुई थी। उस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। शुरुआती जांच में होटल के विद्युत सिस्टम में खराबी को आग की संभावित वजह माना गया था।
लगातार दो होटल अग्निकांडों ने पश्चिम बंगाल में होटल और लॉज की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




