
पश्चिमी सिंहभूम: भ्रष्टाचार के खिलाफ जमशेदपुर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी सह सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एनडीपीएस एक्ट से जुड़े एक मामले में आरोपी का नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी ने रिश्वत की मांग की थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत जैसे ही मनीष कुमार ने 15 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी पुलिस अधिकारी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जमशेदपुर ले गई।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। एसीबी की ओर से मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





