
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से पति की हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने महेश मीणा की कथित तौर पर जहर देकर हत्या करने के मामले में उसकी पत्नी कविता मीणा (23) और उसके कथित प्रेमी गणेश मीणा (27) को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस मौत को शुरुआती तौर पर सामान्य मौत माना जा रहा था, उसके पीछे कथित तौर पर एक सोची-समझी साजिश थी।
पुलिस पूछताछ में कविता ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने पड़ोस में रहने वाले गणेश के साथ करीब नौ साल से संपर्क में थी और दोनों शादी करना चाहते थे। करीब डेढ़ साल पहले परिवार की मर्जी से उसकी शादी महेश से हो गई। आरोप है कि शादी के बाद भी कविता और गणेश के बीच संबंध बने रहे और दोनों महेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाने लगे।
पुलिस के अनुसार, कविता ने पूछताछ में बताया कि करीब चार महीने पहले ही महेश की हत्या की योजना बनाई गई थी। इसके लिए उसने अपने पिता से बहाने से कीटनाशक दवा मंगवाई थी। वह जहर अपने साथ ससुराल ले आई थी।
हालांकि, कविता को डर था कि अगर घर में महेश को जहर दिया गया तो परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले जाएंगे और वह बच सकता है। साथ ही घर में जहर देने की स्थिति में उसके पकड़े जाने का खतरा भी था। इसके बाद कथित तौर पर घर में हत्या करने का प्लान बदल दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कविता ने कीटनाशक का कुछ हिस्सा अपनी सास को अनाज में डालने के लिए दे दिया और कुछ अपने पास रख लिया। 5 अगस्त को गणेश के कहने पर कविता ने महेश से मंदिर जाने की बात कही। दोपहर करीब 11 बजे दोनों बाइक से निकले। रास्ते में उन्होंने जूस खरीदा। आरोप है कि कविता ने इसी दौरान अपने पास रखी कीटनाशक दवा जूस में मिला दी। जब महेश ने जूस पीने से मना किया तो कविता ने कथित तौर पर उसे प्यार का वास्ता दिया और जूस पीने के लिए राजी किया। जूस पीने के करीब आधे घंटे बाद महेश की तबीयत बिगड़ने लगी और वह उल्टियां करने लगा। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद भी कविता करीब डेढ़ घंटे तक उसके साथ रही।
दोपहर करीब एक बजे गणेश अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। इसके बाद महेश को बेहोशी की हालत में लेकर वे लोग करीब साढ़े तीन घंटे तक बाइक से घूमते रहे। शाम करीब पांच बजे वे विश्वकर्मा इलाके में पहुंचे। वहां महेश की मौत होने की पुष्टि के बाद गणेश अपने साथियों के साथ मौके से चला गया। इसके बाद कविता ने अपने परिजनों को मौके पर बुलाया।
महेश की मौत के पीछे तत्काल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया था। पुलिस भी शुरुआती तौर पर मामले को सामान्य मौत के तौर पर देख रही थी। लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। CCTV फुटेज में कुछ युवक दिखाई दिए, जिनकी गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस ने फुटेज में नजर आए युवकों की पहचान शुरू की तो गणेश का नाम सामने आया। इसके बाद कविता और गणेश के संबंधों की भी जांच की गई।
पुलिस जांच के दौरान सोशल मीडिया की भी पड़ताल की गई। बताया जा रहा है कि फेसबुक पर कविता और गणेश की साथ में कई तस्वीरें मिलीं। इन तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को दोनों के बीच संबंध होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने कविता से पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर उसने महेश की हत्या की साजिश और जहर देने की बात स्वीकार की।
महेश के परिजनों ने भी पुलिस को कई अहम साक्ष्य उपलब्ध कराए। इन सबूतों, CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर मिली जानकारी को जोड़कर पुलिस ने पूरे मामले की कड़ियां जोड़ीं।
पुलिस के मुताबिक, कविता ने बताया कि वह महेश के साथ नहीं रहना चाहती थी और पहले भी कई बार पति से अलग होने की कोशिश कर चुकी थी। उसने परिवार पर दबाव बनाने और पति पर मारपीट के आरोप लगाकर पीहर जाने की कोशिश करने की बात भी पुलिस को बताई। हालांकि, परिवार की परिस्थितियों और बहन की शादी भी उसी घर में होने के कारण उस पर रिश्ता बनाए रखने का दबाव था। इसी बीच गणेश भी उस पर महेश को छोड़ने का दबाव बनाता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बीच महेश की हत्या की योजना बनाई गई।


