
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल (सीरियाटोंगर) में आयोजित तीन दिवसीय रोबोटिक्स कार्यशाला का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने रोबोट असेंबलिंग, कोडिंग, सर्किट डिजाइनिंग और रोबोट संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी कौशल का प्रदर्शन भी किया।
कार्यशाला का शुभारंभ 20 अगस्त को विद्यालय के निदेशक मनीष सिंह एवं प्राचार्य रविश प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया था। कार्यशाला में आईआईटी दिल्ली के ईएंडडी सेल एवं टेकरेडियंस से आए विशेषज्ञ यश गुप्ता और आराध्या ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स की बारीकियों से अवगत कराया। तीन दिनों तक विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
रोबोट से खेला फुटबॉल मैच
समापन दिवस पर रोबोट के माध्यम से फुटबॉल प्रतियोगिता कराई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं तैयार किए गए रोबोट का संचालन करते हुए तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। रोबोटिक्स से जुड़ी गतिविधियों को देखकर उपस्थित अतिथियों और विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी एवं वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र चौबे उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रोबोट एवं उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
कार्यशाला में शामिल विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं, आईआईटी दिल्ली से आए प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों का लिखित एवं एरिना राउंड के माध्यम से चयन किया जाएगा।

तकनीकी शिक्षा से बच्चों को मिलेगा लाभ
विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी समझ और नवाचार की भावना विकसित होती है।
उप निदेशक युवराज सिंह ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें नई तकनीकों को सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहने की बात कही। प्राचार्य रविश प्रजापति ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, टीम भावना और समस्या समाधान की क्षमता को मजबूत करती हैं।
कार्यशाला के कोऑर्डिनेटर राज कुमार, आसिफ अली, राकेश मिश्रा एवं अनामिका प्रजापति रहे। मौके पर भावना ओझा, गार्गी जायसवाल, प्राची पाठक, कोमल केसरी, नीतू सिंह, परामर्शदाता रिचा सिंह, उत्सव उमंग, अभिषेक पांडेय, मुकेश कुमार, विकास कुमार, मुस्कान सिंह, मुकेश चंद्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।







