
रांची: झारखंड राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत अकाउंट्स और मैनेजमेंट से जुड़े कुल 52 पदों पर भर्ती की जाएगी। झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सोसाइटी (JRHMS) की ओर से राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इन सभी पदों पर नियुक्ति संविदा के आधार पर होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही करना होगा। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती में सबसे अधिक मानदेय चार्टर्ड अकाउंटेंट के पद के लिए निर्धारित किया गया है। इस पद पर एक रिक्ति है और चयनित उम्मीदवार को 75,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
इसके अलावा स्टेट फाइनेंस मैनेजर-RCH, स्टेट अकाउंट्स मैनेजर और स्टेट अकाउंट्स ऑफिसर-Urban के एक-एक पद पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए क्रमश: 65,000 रुपये, 60,000 रुपये और 25,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है।
वहीं, अकाउंट्स ऑफिसर/स्टेट अकाउंटेंट-NTEP के एक पद पर चयनित उम्मीदवार को 31,395 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट-Accounts-RCH के दो पद हैं और इनका मानदेय 19,800 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है।
जिला स्तर पर इन पदों पर होगी नियुक्ति
जिला स्तर पर भी अकाउंट्स से जुड़े कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें डिस्ट्रिक्ट अकाउंट्स मैनेजर के 5 पद और अकाउंट्स असिस्टेंट-District-RCH के 6 पद शामिल हैं।
डिस्ट्रिक्ट अकाउंट्स मैनेजर के पद के लिए चयनित उम्मीदवारों को 41,968 रुपये प्रतिमाह, जबकि अकाउंट्स असिस्टेंट-District-RCH के लिए 25,200 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
ब्लॉक स्तर पर 33 पद खाली
इस भर्ती में सबसे अधिक पद ब्लॉक अकाउंट्स मैनेजर के हैं। इस पद के लिए कुल 33 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। चयनित उम्मीदवारों को 20,085 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इस प्रकार राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के सभी पदों को मिलाकर कुल 52 रिक्तियों पर नियुक्ति की जाएगी।
आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, अनुभव, जरूरी दस्तावेज और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट jrhms.jharkhand.gov.in और recruitment.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध है।







