
गढ़वा: प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नगवा सेवा केंद्र द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगवा सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी मीणा बहन ने नगर परिषद अध्यक्ष श्री आशीष कुमार सोनी (उर्फ दौलत सोनी) को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी मीणा बहन ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक ही नहीं, बल्कि आत्मा को विकारों से मुक्त कर समाज में शांति, सद्भावना और पवित्रता फैलाने का संकल्प है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष को ईश्वरीय सौगात एवं स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
इस विशेष अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान के सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा समाज में नैतिक मूल्यों और मानसिक शांति के प्रसार का कार्य अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के ब्रह्माकुमार प्रकाश भाई सहित अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित थे।






