
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। टेंथ माइल होटल के पास बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक (33) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल कारोबारी को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होटल के पास बाइक से पहुंचे थे हमलावर
जानकारी के मुताबिक, निखार सबलोक किसी काम से टेंथ माइल होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने निखार को करीब चार गोलियां मारीं। इनमें एक गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली लगने के बाद होटल में मौजूद लोगों और निखार के साथियों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस की मदद से घायल कारोबारी को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से गोली के खोखे भी बरामद किए हैं। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए होटल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के सिलसिले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हत्या में शामिल आरोपियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
होटल समेत कई कारोबार से जुड़ा था परिवार
निखार सबलोक का परिवार होटल समेत अन्य कारोबारी गतिविधियों से जुड़ा बताया जा रहा है। जमशेदपुर में परिवार का ‘क्रिस्टल होटल’ कारोबार है। इसके अलावा थाइलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल पटाया में भी परिवार के होटल व्यवसाय के संचालित होने की जानकारी सामने आई है।
कारोबारी लेन-देन की भी जांच
पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए निखार सबलोक के हालिया कारोबारी लेन-देन और वित्तीय गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। उनके कारोबारी संपर्कों और हाल के विवादों की भी पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले उन्होंने किन लोगों से बातचीत की थी और आखिरी बार किस-किस व्यक्ति के संपर्क में थे, इसका पता लगाया जा सके।







