
मांड्या: कर्नाटक के मांड्या जिले के श्रीरंगपट्टनम स्थित एक मंदिर में VIP दर्शन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि तुमकुरु ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) सविता बी. पाटिल को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ऐश्वर्या को थप्पड़ मारा। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
घटना 12 अगस्त को भीमा अमावस्या के अवसर पर श्रीरंगपट्टनम तालुक स्थित आरती उक्कडा मंदिर में हुई। इस मौके पर मंदिर में दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या भी अपने बच्चों के साथ मंदिर पहुंचीं। आरोप है कि वह निर्धारित कतार में लगे बिना सीधे गर्भगृह में जाकर दर्शन करना चाहती थीं। वहां ड्यूटी पर तैनात महिला SI सविता बी. पाटिल ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि ऐश्वर्या ने खुद को विधायक की बेटी बताते हुए पुलिसकर्मी से सवाल किया कि उन्हें अंदर जाने से क्यों रोका जा रहा है। बहस बढ़ने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शिकायत के मुताबिक, ऐश्वर्या ने कथित तौर पर महिला SI को गालियां दीं और उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद महिला SI ने भी चुप रहने के बजाय जवाबी कार्रवाई की और ऐश्वर्या को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को अलग किया। घटना के बाद मंदिर परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
महिला SI की शिकायत पर FIR
घटना के संबंध में महिला पुलिसकर्मी सविता बी. पाटिल ने क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ऐश्वर्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऐश्वर्या ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, थप्पड़ मारा और नौकरी खराब करने की धमकी भी दी। पुलिस अब मामले में सामने आए CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।
विधायक ने बेटी की ओर से मांगी माफी
मामले के तूल पकड़ने के बाद विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी की ओर से माफी मांगी है। विधायक का कहना है कि उनकी बेटी बच्चों के साथ मंदिर गई थी और उसने गर्भगृह में दर्शन करने की अनुमति मांगी थी। विधायक ने दावा किया कि एक अन्य अधिकारी को अंदर जाने की अनुमति दी गई थी, जबकि उनकी बेटी को रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी पूरा वीडियो नहीं देखा है। अगर उनकी बेटी की गलती है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।
मांड्या के जिला पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि, आरोपी ऐश्वर्या की तरफ से भी एक जवाबी (काउंटर) शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में ऐश्वर्या ने महिला PSI सविता पाटिल पर खुद के साथ अभद्र व्यवहार और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और घटना से जुड़े CCTV फुटेज की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे विवाद की स्थिति और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर साफ होगी।




