{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"ai_enhance":1,"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। मामला पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज का है, जहां कक्षा में पढ़ रहे छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। छात्र के परिजनों का दावा है कि शिक्षक ने करीब 39 सेकेंड के दौरान उसके चेहरे और गाल पर 17 थप्पड़ मारे। छात्र ने बचने के लिए सिर नीचे किया तो उसके मुंह पर भी थप्पड़ और घूंसे मारे गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन से लेकर पुलिस तक शिकायत पहुंची है।
मकदूमपुर कॉलोनी निवासी रमेश का बेटा सागर पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं में पढ़ता है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सागर कक्षा में बैठकर अपना काम कर रहा था। इसी दौरान एक शिक्षक कक्षा में पहुंचे और छात्र से उसकी कॉपी में लिखे काम को लेकर सवाल किया। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक के सवाल पूछने के बाद अचानक छात्र को थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। छात्र ने मार से बचने के लिए सिर नीचे कर लिया, लेकिन इसके बावजूद शिक्षक ने कथित तौर पर उसकी पिटाई जारी रखी।
घटना का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। फुटेज में शिक्षक छात्र के पास खड़े होकर उससे पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। शिक्षक छात्र से पूछते हैं कि वह क्या पढ़ रहा है और उसने क्या बनाया है। इसके बाद छात्र को थप्पड़ मारे जाते दिखाई देते हैं।
वीडियो में छात्र सिर झुकाकर खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने इसके बाद उसके चेहरे और मुंह पर भी थप्पड़ और घूंसे मारे। छात्र के पिता के मुताबिक, घटना के बाद उसके शरीर पर चोटें आई हैं।
छात्र के पिता रमेश का आरोप है कि संबंधित शिक्षक पहले भी उनके बेटे को डांटते और परेशान करते रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक ने सागर को कॉलेज से नाम काटने की धमकी दी थी।
रमेश ने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद सागर घर पहुंचा और परिजनों को कक्षा में हुई घटना के बारे में बताया। बेटे की हालत देखने के बाद परिजन उसे लेकर कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य अमित कुमार से मामले की शिकायत की।
परिजनों का कहना है कि कथित पिटाई के बाद सागर मानसिक रूप से परेशान है। पिता के मुताबिक, घटना के बाद उसके व्यवहार में भी बदलाव आया है। परिवार ने कॉलेज प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर छात्र के पिता ने हस्तिनापुर थाने में भी शिकायत दी है। पुलिस को CCTV फुटेज और घटना से संबंधित अन्य जानकारी दिए जाने की बात कही गई है। अब पुलिस और कॉलेज प्रशासन की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्र के पिता की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







