
रांची: मुस्लिम समुदाय को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी करने के मामले में झारखंड कांग्रेस ने अपने दो नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अभिलाष साहू और को-ऑर्डिनेटर अमरेंद्र सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। दोनों नेताओं पर आरोप है कि उन्होंने एक लाइव वीडियो के दौरान मुसलमानों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर उनका उपहास उड़ाया।
मामला ईरबा में सड़क जाम के दौरान सामने आए एक वीडियो से जुड़ा है। वायरल वीडियो में दोनों नेताओं द्वारा मुसलमानों के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है। वीडियो में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कहा कि वह मुसलमानों के साथ ठीक कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ने पर पार्टी स्तर पर भी इसकी शिकायत और जांच की प्रक्रिया शुरू की गई।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों नेताओं के खिलाफ सुनवाई की। सुनवाई के बाद पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।






