
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा खागा थाना क्षेत्र में धावा और चापुड़िया गांव के बीच हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। कई लोग सड़क पर बिखरी बोतलें अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का पंजीकरण नंबर जेएच 10 सीएफ 2760 बताया जा रहा है। हादसे के बाद वाहन सड़क पर पलटा मिला, जबकि उसमें सवार चालक समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
इस घटना ने इसलिए भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि शराब की बोतलों से लदी पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। वहीं, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में रखी शराब की बोतलों पर कोई स्पष्ट लेबल नहीं लगा था। इससे शराब की खेप के परिवहन को लेकर संदेह और गहरा गया है।
आखिर ‘डाक पार्सल’ लिखे वाहन में शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। हालांकि, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद खागा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और वाहन में लदी शराब के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है कि पिकअप वैन में बरामद शराब वैध थी या अवैध। शराब की बोतलों पर कथित तौर पर लेबल नहीं होने और वाहन पर ‘डाक पार्सल’ लिखे होने के कारण मामला संदिग्ध जरूर माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।





