
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक और व्यक्ति की हत्या किए जाने का दावा सामने आया है। मृतक की पहचान हाफिज जुल्फिकार के रूप में बताई जा रही है। उसे 2008 के मुंबई आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी जकी-उर-रहमान लखवी का रिश्तेदार बताया जा रहा है। इसके अलावा हाफिज जुल्फिकार के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने और संगठन के लिए भर्ती करने का भी दावा किया जा रहा है।
हाफिज जुल्फिकार की हत्या से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि हालांकि अभी नहीं हुई है। वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर अकेले जाता दिखाई देता है। इसी दौरान पीछे से एक अन्य व्यक्ति उसके पास पहुंचता है और उसके सिर के पीछे गोली मार देता है। गोली लगते ही वह व्यक्ति सड़क पर गिर जाता है, जबकि हमलावर वहां से निकल जाता है।
हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के स्थान की स्वतंत्र पुष्टि किए बिना यह निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि वीडियो में मारा गया व्यक्ति हाफिज जुल्फिकार ही है। इसलिए इस घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी को फिलहाल दावे के तौर पर ही देखा जाना उचित है।
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों से जुड़े कई लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में हत्या की खबरें सामने आती रही हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान पाकिस्तान में 30 से अधिक आतंकियों को अलग-अलग घटनाओं में गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। जिनका संबंध भारत में हुए बड़े आतंकी हमलों, आतंकी संगठनों या भारत विरोधी गतिविधियों से रहा है।
इन घटनाओं की सबसे बड़ी पहेली हमलावरों की पहचान को लेकर है। कई मामलों में हमलावर घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए और उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी। यही वजह है कि इन हत्याओं के पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जाते रहे हैं।
इन घटनाओं को लेकर पाकिस्तान सरकार की चुप्पी भी चर्चा का विषय रही है। एक के बाद एक आतंकी पृष्ठभूमि वाले लोगों की हत्या के बावजूद सरकार की ओर से कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया। साथ ही जांच को लेकर भी किसी तरह के कभी निर्देश जारी नहीं किए।






