
अहमदाबाद: सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों से विमान का रूट बदलकर उसे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंड कराया गया। विमान में कुल 32 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान क्रू मेंबर को विमान के वॉशरुम में एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर ‘BOMB’ लिखा हुआ था। संदिग्ध संदेश मिलते ही क्रू ने तत्काल पायलट को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने एटीसी से संपर्क किया और नजदीकी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमान उतारने की अनुमति मांगी।
विमान के अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किए जाने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय कर दिया। फायर ब्रिगेड, सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ते और अन्य आपातकालीन टीमों को अलर्ट पर रखा गया। विमान के रनवे पर उतरने के बाद उसे सामान्य पार्किंग क्षेत्र से अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद सभी 32 यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारा गया और एयरपोर्ट बस के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया। यात्रियों के सामान को भी अलग कर उसकी जांच की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को अपने कब्जे में लेकर उसकी विस्तृत जांच शुरू की। बम स्क्वॉड और तकनीकी टीमों ने विमान की बारीकी से तलाशी ली। जांच के बाद विमान के अंदर से किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वॉशरुम में ‘BOMB’ लिखे टिश्यू पेपर को किसने रखा था और इसके पीछे उसका मकसद क्या था।






