
रांची। लापुंग थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुरुप के रामाटोली जंगल के पास एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने की सूचना आसपास के इलाके में तेजी से फैली, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि जंगल के समीप से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। महिला की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना लापुंग थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला स्थानीय इलाके की रहने वाली थी या किसी दूसरे स्थान से यहां पहुंची थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।




