
रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को पलामू, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में लगातार बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलजमाव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा है।
बारिश के साथ राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखना जरूरी है। IMD ने भी संवेदनशील और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। राजधानी रांची में भी बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मंगलवार को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश ने जोरदार दस्तक दी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक डालटनगंज में 97 मिमी, बोकारो में 131 मिमी और जमशेदपुर में 57 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची में भी दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। राज्य में कई स्थानों पर मंगलवार की बारिश के बाद जलभराव और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बनी। डैम ओवरफ्लो होने लगे हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ।







