{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"ai_enhance":1,"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
रांची: बोकारो कंपोजिट कंट्रोल रूम (CCR) में DSP के पद पर तैनात राम प्रवेश कुमार के खिलाफ उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए रांची के सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में दावा किया है कि उसे घर के एक कमरे में बंद रखा गया। इस दौरान उसके साथ कई बार मारपीट की गई। चोटिल हालत में रांची पहुंचने के बाद महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, महिला की शादी 11 मार्च 2026 को राम प्रवेश कुमार के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही पति ने मायके से पैसे लाने को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। शुरुआत में उसने बातचीत और समझाने के जरिए विवाद को खत्म करने की कोशिश की। महिला के अनुसार, उसने पति को समझाने का लगातार प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर पैसों की मांग जारी रही। जब वह मायके से पैसे नहीं ला सकी तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि पति को इस बात का डर था कि वह अपने मायके वालों को घर में हो रही मारपीट के बारे में बता सकती है। आरोप है कि इसी वजह से उसका मोबाइल फोन भी उससे ले लिया गया था। महिला का कहना है कि उसे घर से निकलकर मायके जाने से रोकने के लिए कई मौकों पर कमरे में बंद कर दिया जाता था। उसके मुताबिक, जब पति घर से बाहर जाता था तो उसे कमरे में बंद कर जाता था, ताकि वह बाहर निकलकर किसी से संपर्क न कर सके।
प्राथमिकी में महिला ने आरोप लगाया है कि घटना से पहले लगातार करीब 10 दिनों तक उसे एक कमरे में बंद रखा गया। इस दौरान पति कमरे में आकर उसके साथ मारपीट करता था।
महिला के अनुसार, उसने पति से कई बार ऐसा नहीं करने और उसे छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन कथित तौर पर मारपीट जारी रही। इस दौरान उसे चोटें आईं। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि पैसे नहीं लाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
महिला के मुताबिक, लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उसने 31 अगस्त को पति को यह विश्वास दिलाया कि वह मायके से पैसे लाने के लिए रांची जा रही है। इसके बाद वह बोकारो स्थित घर से रांची के लिए निकली। महिला का आरोप है कि रांची रवाना होते समय भी पति ने उसे धमकी दी कि यदि वह मायके से पैसे लेकर वापस नहीं लौटी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
रांची के कोकर स्थित मायके पहुंचने के बाद महिला अपने माता-पिता के सामने फूट-फूटकर रोने लगी। परिजनों ने जब उससे कारण पूछा तो उसने अपने साथ हुई कथित मारपीट और प्रताड़ना की पूरी जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर सदर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के स्तर से महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
मारपीट में घायल होने के बाद महिला को इलाज के लिए रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि महिला की ओर से दिए गए आवेदन में मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





