
गढ़वा: गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया स्थित हरिओम नगर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरस्वती नदी के तेज बहाव में बह गईं। लापता महिला की पहचान राघो कुंवर, पति स्वर्गीय शिवपूजन बिन्द के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने नदी के किनारे उनकी तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक बुजुर्ग महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह परिजनों को अचानक राघो कुंवर के नदी में बह जाने की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार के लोगों में अफरातफरी मच गई। परिजनों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। ऐसे में उनके नदी की ओर चले जाने और तेज बहाव की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। लोग हरिओम नगर से लेकर सरस्वती नदी के किनारे और आगे दानरो नदी के संगम तट तक तलाश करते रहे। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण खोज अभियान में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुजुर्ग महिला के नदी में बहने की सूचना परिजनों ने तत्काल गढ़वा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से भी अपने स्तर पर नदी के आसपास के इलाकों में महिला की तलाश की जा रही है।







