
जमशेदपुर। पश्चिम बंगाल के गिधनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खड़गपुर से जमशेदपुर की ओर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस अचानक दो हिस्सों में बंट गई। बताया जा रहा है कि स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के दौरान दो कोचों के बीच लगी कपलिंग खुल गई। राहत की बात यह रही कि उस वक्त ट्रेन की रफ्तार काफी कम थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
जानकारी के मुताबिक, दुरंतो एक्सप्रेस को गिधनी स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को रास्ता देने के लिए लूप लाइन में रोका गया था। वंदे भारत के गुजरने के बाद दुरंतो को जमशेदपुर की ओर रवाना किया गया। ट्रेन के आगे बढ़ते ही अचानक बोगियों के बीच की कपलिंग अलग हो गई और ट्रेन का एक हिस्सा पीछे छूट गया।
घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति रही। रेलवे अधिकारियों को सूचना मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने दोनों हिस्सों को सुरक्षित तरीके से दोबारा जोड़ा।
कपलिंग की मरम्मत और तकनीकी जांच में करीब डेढ़ घंटे तक का समय लगा। इस दौरान अप रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। तकनीकी टीम ने कपलिंग खुलने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय ट्रेन की गति कम होने की वजह से किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। मरम्मत पूरी होने के बाद दुरंतो एक्सप्रेस को जमशेदपुर के लिए रवाना कर दिया गया।



