
विधिवत शिलान्यास से पहले धानघरी–सड़कडीह में बोर्ड लगाए जाने से ग्रामीणों में असमंजस
जमशेदपुर:मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत मानुषमुड़िया आरईओ रोड से हाटचाली, पांकलो होते हुए सोनाकड़ा तक 3.100 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य को लेकर लगाए गए शिलान्यास बोर्ड पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, अभी तक सड़क का विधिवत शिलान्यास नहीं हुआ है, इसके बावजूद धानघरी–सड़कडीह क्षेत्र में बोर्ड लगा दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना का निर्धारित मार्ग मानुषमुड़िया आरईओ रोड से हाटचाली, पांकलो होते हुए सोनाकड़ा तक है, जबकि बोर्ड दूसरे स्थान पर लगाया गया है। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि बिना स्पष्ट जानकारी और विधिवत शिलान्यास के बोर्ड गलत स्थान पर क्यों लगाया गया?
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क योजना के संवेदक का नाम भी स्थानीय लोगों को स्पष्ट रूप से मालूम नहीं है। ग्रामीण कार्य विभाग से मांग की गई है कि मामले की स्थल जांच कर स्वीकृत सड़क मार्ग, कार्यादेश, संवेदक का नाम तथा बोर्ड लगाए जाने के आधार की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि मामले से जमशेदपुर सांसद श्री बिद्युत बरण महतो एवं बहरागोड़ा विधायक श्री समीर कुमार महांती को भी अवगत कराया जाएगा। साथ ही संबंधित विभाग से पूरे मामले में पारदर्शिता के साथ जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजना के शिलान्यास बोर्ड को निर्धारित स्थल पर ही लगाया जाना चाहिए, ताकि लोगों के बीच किसी प्रकार का भ्रम न रहे।





