{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"border":1,"remove":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
जमशेदपुर: जुगसलाई के ईदगाह मैदान के आसपास शुक्रवार रात पशु चोरी के शक को लेकर अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई। करीब 50 युवक कसाई मोहल्ला पहुंच गए और वहां कुछ लोगों के साथ मारपीट करने लगे। विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को मौके से हटाया।
बताया जा रहा है कि गद्दी मोहल्ला में कई लोग दूध के कारोबार से जुड़े हैं और उनके यहां पशुओं के खटाल भी हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दो दिनों में दो पशुओं के चोरी होने की बात सामने आई है। काफी तलाश के बाद भी पशुओं का सुराग नहीं मिलने पर कुछ लोगों को ईदगाह मैदान के समीप रहने वाले कसाई मोहल्ला के लोगों पर शक हुआ।
इसी शक के बाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे गद्दी मोहल्ला और शास्त्रीनगर के लगभग 50 युवक कसाई मोहल्ला पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद कुछ लोगों से विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
हंगामे की जानकारी मिलने पर जुगसलाई थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हुई। भीड़ की ओर से पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई और स्थानीय पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया गया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इसके बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
गद्दी मोहल्ला के लोगों का कहना है कि पशु चोरी से जुड़े मामले में उनके पास सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। उन्होंने पुलिस को फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है। हालांकि, चोरी की घटना और उसमें किसी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फायरिंग को लेकर भी चर्चा, पुलिस ने नकारा
हंगामे के बीच पुलिस की ओर से तीन राउंड फायरिंग किए जाने की चर्चा भी सामने आई। कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस पर फायरिंग का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने फायरिंग के आरोप को साफ तौर पर खारिज किया है। पुलिस के मुताबिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक बल प्रयोग किया गया।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हंगामे तथा मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




