
दुमका: सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक दो दोस्तों के लिए जानलेवा साबित हुआ। रविवार को सरैयाहाट थाना क्षेत्र में धोबई नदी के चेकडैम पर रील बनाने के दौरान दो किशोर तेज धार में बहकर गहरे पानी में डूब गए। करीब चार घंटे की तलाश के बाद 16 वर्षीय रमण मंडल का शव बरामद कर लिया गया, जबकि उसका दोस्त पांडव अब भी लापता है।
बताया गया कि तीन दोस्त घूमने और रील बनाने के लिए चेकडैम पहुंचे थे। नदी का बहाव तेज होने के बावजूद वे पानी में उतर गए। इसी दौरान रमण और पांडव गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख तीसरे दोस्त ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और नदी में दोनों की तलाश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद रमण का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर सरैयाहाट के बीडीओ राहुल कुमार शानू भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया।
शाम होने और नदी की तेज धारा को देखते हुए प्रशासन ने ग्रामीणों को नदी में उतरने से रोक दिया। पांडव की तलाश के लिए एसडीआरएफ को सूचना दी गई है। सोमवार को टीम के पहुंचने के बाद व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
लापता पांडव तेतरिया गांव का रहने वाला है और दोस्तों के बुलाने पर हंसडीहा आया था। वहीं, रमण अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद चेकडैम पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और पूरे इलाके में मातम पसरा है।







