
बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। हादसा बड़ागांव के पास हुआ। सभी श्रद्धालु राजस्थान के गोगामेड़ी में जाहरवीर बाबा के दर्शन कर बदायूं लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि बदायूं जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और गांवों से करीब 36 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी गए थे। दर्शन करने के बाद सभी वापस बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान बागपत में उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बड़ागांव के पास एक्सप्रेसवे पर एक यू-टर्न बंद था, लेकिन गूगल मैप पर वह रास्ता दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने यू-टर्न लेने के लिए पिकअप की रफ्तार धीमी की। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कैंटर ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में जान गंवाने वाले 13 श्रद्धालुओं में सात लोग एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बाकी मृतक बदायूं के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। हादसे में घायल 23 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी भानू भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे की विस्तृत जांच में जुटी है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद बदायूं से लेकर बागपत तक मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।







