
गढ़वा। जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जुआ अड्डे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 10 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद समेत कई सामान और वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि नगर उंटारी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ का संचालन किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक, गढ़वा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) यशोधरा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार, अन्य पुलिस पदाधिकारी और QRT टीम शामिल थी।
8 जुआरी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर साह, प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, शमशेर ख़ां, बाबूजी शाह, पुष्पेंद्र वैश्य, दिलीप कुमार, रामनरेश और अखिलेश उपाध्याय के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
लाखों की नकदी और वाहन बरामद
पुलिस ने जुआ अड्डे से 10,49,500 रुपये नकद, चार चारपहिया वाहन, चार मोटरसाइकिल, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, एक बैग, दरी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
इस मामले में नगर उंटारी थाना कांड संख्या 184/26, दिनांक 8 सितंबर 2026 के तहत धारा 318(4), 112(2), 3(5) BNS एवं 11 बंगाल सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गढ़वा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





