
रांची: रांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की एक गली में गुरुवार की सुबह कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह कुछ स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक युवक ने गली के कोने में कपड़े में लिपटे नवजात को देखा। बच्चे के रोने की हल्की आवाज सुनकर वह उसके पास पहुंचा। नवजात को अकेला देखकर उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में आवारा कुत्तों का भी जमावड़ा रहता है। ऐसे में समय रहते नवजात पर युवक की नजर पड़ने से उसकी जान बच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नवजात को सुरक्षित कब्जे में लेकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने नवजात को वहां छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस खास तौर पर कॉलोनी के प्रवेश और निकास मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन लेकर आया था। इसके अलावा पुलिस आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी हाल के दिनों में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है।






