
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत जंगीपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से गायत्री शक्तिपीठ में गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण का छठी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और पारंपरिक सोहर गीतों से गायत्री शक्तिपीठ परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री शक्तिपीठ के प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे एवं परिव्राजक ललसू राम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना से की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के छठी उत्सव में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत भगवान श्री कृष्ण का आरती के बाद हवन यज्ञ किया गया।
छठी उत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में पूरे दिन महिलाओं ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक सोहर गीत प्रस्तुत कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव और छठी उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया। वहीं ब्यास उपेंद्र राम ने भी एक से बढ़कर एक सोहर गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से पूरा शक्तिपीठ परिसर कृष्णमय बना रहा। इस अवसर पर अजीत कुमार चौबे ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का छठी उत्सव हमारी सनातन संस्कृति और पारंपरिक संस्कारों का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद महाभंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
मौके पर नपं अध्यक्ष साधना देवी, पूर्व उपाध्यक्ष लता देवी, जोखू प्रसाद, अनिल लाल अग्रवाल, रामप्रसाद कमलापुरी, विद्या भास्कर, छोटू, शुभम जायसवाल, राजेश जायसवाल, उपेंद्र कुमार मेहता, कामेश्वर प्रसाद, अनीता देवी, पूजा अग्रवाल, प्रज्ञा कुमारी,मीना देवी, इंद्रावती देवी, श्रेयांश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।







