
भंडारा: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा लाखनी तहसील में मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नेशनल हाईवे-53 पर सुबह करीब चार बजे हुआ। तेज रफ्तार बोलेरो और आइशर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, बोलेरो में सवार लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मानेगांव-पिंपलगांव के बीच उनकी बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना किस वजह से हुई, इसे लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है, वहीं मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया भी जारी हैं।







