
धनबाद: धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जंगल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ढांगी बस्ती के मड़ई थान के समीप चटनियां पुल के सामने जंगल में महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर मिला।
बताया जा रहा है कि गांव का एक युवक शुक्रवार सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों में महिला के धड़ पर पड़ी। जिसके बाद युवक ने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो महिला का सिर और धड़ से अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के बीच महिला की कथित तौर पर नरबलि दिए जाने की आशंका जताई जाने लगी।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नरबलि की आशंका से इनकार किया है।पुलिस का कहना है कि हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। घटनास्थल से मिले सामान को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही महिला की मौत और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला वहां तक कैसे पहुंची और उसकी हत्या के पीछे क्या वजह हो सकती है।







