
पलामू: गढ़वा टाउन थाना प्रभारी सुनील तिवारी के पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र स्थित पैतृक घर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चोरों ने घर में घुसकर अलमीरा और बक्सा तोड़ दिया और करीब 12 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुनील तिवारी का घर रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में है। बताया जा रहा है कि चोर रात करीब तीन बजे सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर रखी अलमीरा और बक्से को तोड़कर उसमें रखे नकदी और आभूषण पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह जब परिजनों को घर में चोरी होने की जानकारी मिली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में चोरों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान ग्रामीणों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस घर के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी गया सामान कहां ले जाया गया। मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।






