
डोडा: जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के भद्रवाह स्थित सेओजधार के जंगलों में सुरक्षा बलों को तलाशी अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF की संयुक्त टीम ने एक आतंकवादी का सड़ा-गला शव बरामद किया है। सुरक्षा बलों के मुताबिक, मुठभेड़ में मारा गया आतंकी पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था। उसके पास से अमेरिका निर्मित M4 असॉल्ट राइफल भी बरामद की गई है, जो नाइट-विजन सिस्टम से लैस बताई गई है।
संयुक्त अभियान में मारा गया था आतंकी
अधिकारियों के अनुसार, बरामद आतंकवादी को डोडा जिले में हाल ही में चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान मार गिराया गया था। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा। इसी दौरान आतंकवादी का शव बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) डोडा, सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF की टीमें शामिल थीं।
पुलिस ने एक्स पर दी कार्रवाई की जानकारी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आतंकवादी का शव बरामद किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने मारे गए आतंकी की पहचान और हालिया संयुक्त ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस ने अपनी पोस्ट में लिखा, “तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते!” पोस्ट के मुताबिक, SOG डोडा, RR और CRPF ने पाकिस्तान के जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकवादी का शव बरामद किया, जिसे पहले एक संयुक्त अभियान में मार गिराया गया था।






