
रांची। राजधानी रांची के रिंग रोड स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मरीज के परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
मामले को लेकर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम अस्पताल पहुंची और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की। टीम ने अस्पताल परिसर में स्थिति का जायजा लेने के साथ घटना से संबंधित तथ्यों और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की।
बताया गया कि अस्पताल में मरीज के परिजनों और कर्मियों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी।
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर पहुंची जांच टीम
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद गठित जांच कमेटी ने शनिवार को ट्यूलिप हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर विभाग ने अस्पताल प्रबंधन की भूमिका को गंभीर माना और लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय लिया।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विभाग की ओर से मामले में आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।







