
धनबाद: जिले के बाघमारा इलाके में रविवार सुबह अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। रामकनाली ओपी क्षेत्र के कुम्हार पट्टी रोड में अचानक चाल धंसने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मलबे से गंभीर हालत में निकाली गईं दो महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि अवैध तरीके से कोयला खनन के दौरान जमीन का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद लोग आ गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए हैं और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर मलबे में दर्जनों लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। राहत-बचाव अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।







