
जमशेदपुर: गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाए जाने के बावजूद जसकनडीह के बड़ा टोला और गोटासाई के ग्रामीण पिछले करीब सात वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद एक-दो दिन पानी की आपूर्ति हुई थी, लेकिन इसके बाद आज तक नियमित रूप से पानी नहीं मिला।
रविवार को जसकनडीह स्थित मानकी मुंडा भवन में ग्राम प्रधान जगन्नाथ देवगम की अध्यक्षता में जन उलगुलान मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न टोलों से पहुंचे ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
बैठक के बाद जन उलगुलान मोर्चा के मुख्य संयोजक कृतिवास मंडल, संयोजक भरत कुमार सिंह और मंगल पात्रो ने क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने उन घरों में जाकर ग्रामीणों से जानकारी ली, जहां पाइपलाइन होने के बावजूद पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
कृतिवास मंडल ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की हर घर नल जल योजना का उद्देश्य ग्रामीणों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इसके बावजूद जसकनडीह के बड़ा टोला और गोटासाई में वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मामले को संबंधित विभाग के समक्ष उठाया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की शिकायत पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार तक की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू कराने के लिए आवश्यक स्तर पर पहल की जाएगी। साथ ही कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए जन उलगुलान मोर्चा उनके साथ खड़ा रहेगा।
बैठक में सुनीता कुंकल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस दौरान मोना देवगम, मजुमदार हेंब्रम, शंभू सामद, कृष्णा देवगम, मनी कुंकल, जमबी देवगम, सावन मुर्मू, अभिराम सामद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।





