
कराची: पाकिस्तान के कराची में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक शख्स की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख और 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेहद करीबी था। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय हाफिज सईद का करीबी बताया जा रहा यह आतंकी एक दरवाजे के पास बैठा हुआ था। तभी दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे। हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले में आतंकी को संभलने या मौके से भागने तक का मौका नहीं मिला।
गोलीबारी के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचीं। इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई और हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
CCTV में कैद हुई वारदात
इस हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर बाइक से पहुंचे हमलावरों को वारदात को अंजाम देते हुए देखा जा सकता है। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से मारे गए शख्स की आधिकारिक पहचान और लश्कर-ए-तैयबा में उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या के पीछे की वजह क्या थी और हमलावर कौन थे।
कराची में हुई इस हत्या को पाकिस्तान में आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों पर हो रहे लगातार हमलों की कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस हमले के पीछे किसका हाथ है, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।






