
रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। चिपरा इलाके के एक खेत से विक्रम उरांव का शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक रंजिश के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि विक्रम के बड़े भाई गंदू उरांव ने कुदाल से हमला कर उसकी हत्या कर दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के परिवारों के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था। पुलिस जांच के मुताबिक, करीब एक साल पहले विक्रम उरांव ने अपने खेत में कथित तौर पर करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी दौरान गंदू उरांव का इकलौता बेटा करंट की चपेट में आ गया था और उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत बंद हो गई थी और रिश्तों में गहरी कड़वाहट पैदा हो गई थी।
मंगलवार को विक्रम उरांव की हत्या की खबर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी के अनुसार, उसने आरोपी गंदू उरांव को घटना के बाद वहां से भागते हुए देखा था। उसे शक होने पर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ खेत में तलाश की गई, जहां विक्रम का शव पड़ा मिला।
शव मिलने की सूचना तत्काल रातू थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल कुदाल के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि गंदू उरांव अपने इकलौते बेटे की मौत के बाद से विक्रम से नाराज था। ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते गंदू ने अपने छोटे भाई की हत्या की है।
फिलहाल आरोपी गंदू उरांव फरार है। रातू थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों और घटनाक्रम की जांच में जुटी है।







