
गिरिडीह: गांडेय प्रखंड के मेढ़ो स्थित जयंती नदी में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। नदी के गहरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे गांडेय गांधीनगर के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।
मृतकों की पहचान गांडेय गांधीनगर निवासी अनुप राम के पुत्र अंश (14), विक्की बरनवाल के पुत्र आदित्य बरनवाल (14) और कैलाश राम के पुत्र श्रेयांश (12) के रूप में हुई है।
बताया गया कि गांडेय गांधीनगर के चार बच्चे मंगलवार शाम करीब पांच बजे दो साइकिलों से घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद सभी जयंती नदी की ओर चले गए। शाम करीब सात बजे ग्रामीणों की नजर नदी के दोनों छोर के पास खड़ी दो साइकिलों पर पड़ी। साइकिलों के आसपास बच्चों के कपड़े और चप्पल भी रखे हुए थे।
साइकिल, कपड़े और चप्पल नदी किनारे लावारिस हालत में मिलने से ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना फैलते ही आसपास के लोग नदी किनारे जुटने लगे। इधर, बच्चों के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन भी उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
नदी में पानी काफी गहरा होने के कारण ग्रामीण तत्काल पानी में उतरकर बच्चों की तलाश नहीं कर सके। नदी किनारे बच्चों का सामान मिलने की जानकारी पर उनके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने साइकिल, कपड़े और चप्पल की पहचान की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया। रात करीब नौ बजे गोताखोरों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी के गहरे पानी में खोज अभियान शुरू किया।
करीब 15 मिनट तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने नदी से तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए। शवों को पानी से बाहर निकालते ही मौके पर मौजूद परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया।
एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से गांधीनगर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







