{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट के पास गुरुवार देर रात एक 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ऋतिक झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के छात्र मोर्चा से जुड़ा था। उसके पिता झारखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात ऋतिक अपने साथियों के साथ मैगी पॉइंट के पास मौजूद था। इसी दौरान 8 से 10 लोगों ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, बांस की फराठी और घूंसों से ऋतिक की बेरहमी से पिटाई की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना में उसके दो साथी भी घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।
कुछ संदिग्ध हिरासत में, सतीश यादव की तलाश
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी बताए जा रहे सतीश यादव समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे और हत्या की घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस की जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।






