
केतार (गढ़वा): केतार थाना में शुक्रवार को नव पदस्थापित थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने को अपनी प्राथमिकता बताया।
थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने कहा कि आम जनता अपनी किसी भी समस्या को लेकर बिना किसी झिझक के थाना पहुंचे। पुलिस उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनेगी और नियमानुसार उसका त्वरित समाधान कराने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
अपराध नियंत्रण पर रहेगा जोर
उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र के लोगों का सहयोग लेकर अपराध पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा। पुलिस क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखेगी तथा जरूरत के अनुसार कार्रवाई करेगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि रात हो या दिन, जरूरत पड़ने पर आम लोग बेहिचक उनसे संपर्क कर सकते हैं। पुलिस आम जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।
नए थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने पर थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका स्वागत किया। वहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी नव पदस्थापित थाना प्रभारी से बेहतर पुलिस-पब्लिक समन्वय तथा क्षेत्र में प्रभावी अपराध नियंत्रण की उम्मीद जताई।






