
रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र, रांची ने 20 सितंबर को राज्य के सभी 24 जिलों में बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गुमला और पलामू में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इन जिलों में मौसम खराब रहने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
25 सितंबर तक बारिश का दौर
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 और 22 सितंबर को भी झारखंड में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 22 सितंबर को कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 25 सितंबर के बीच झारखंड में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होती रहेगी। वहीं, 23 से 25 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
वज्रपात को लेकर विशेष सावधानी की जरूरत
मौसम विभाग ने बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बिजली चमकने और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान, खेत या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। साथ ही पेड़ के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों या अन्य ऊंची संरचनाओं के पास रहने से बचने की सलाह दी गई है।
तेज हवा और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।






