
मुंबई: गणेशोत्सव के बीच मुंबई के कालाचौकी इलाके में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। दत्ताराम लाड मार्ग पर महागणपति पंडाल के बाहर करंट फैलने से 6 लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना रात करीब 2:20 बजे कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास हुई। हादसे की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड को रात 2:42 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बेस्ट और नगर निगम के वार्ड कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
करंट की चपेट में आए पांच लोगों को तत्काल भायखला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 8 वर्षीय रागिनी यादव को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल लड़की की हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल रेफर किया गया।
बताया गया कि ग्लोबल अस्पताल में भर्ती लड़की ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है।
मसीना अस्पताल में भर्ती चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें ICU में रखा गया है। घायलों की पहचान 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, 19 वर्षीय तन्वी नरश हांडे, 18 वर्षीय साहिल संदीप तारे और 12 वर्षीय रूही सिंह के रूप में हुई है।







