
IND-W vs BAN-W: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 114 रन से हरा दिया। रविवार को आइची के निस्शिन में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है और अब वह स्वर्ण पदक से सिर्फ एक जीत दूर है।
फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा। यह मुकाबला हांगझोउ 2023 एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट फाइनल का भी दोहराव होगा, जिसमें भारत ने स्वर्ण पदक जीता था।
शेफाली वर्मा ने जड़ा तूफानी शतक
भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने महज 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली। शेफाली ने अपनी पारी में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्कों की बरसात की और पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।
यह शेफाली वर्मा का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक है। साथ ही एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट इतिहास में भी यह पहला शतक है। उनका 49 गेंदों में लगाया गया शतक महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है। इससे पहले हरमनप्रीत कौर ने भी 49 गेंदों में शतक लगाया था।
मंधाना ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। पारी के तीसरे ओवर में मरूफा अख्तर की गेंद पर चौका लगाते ही वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने न्यूजीलैंड की पूर्व बल्लेबाज सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा।
मंधाना ने 19 गेंदों पर 37 रन बनाए। हालांकि वह नाहिदा अख्तर की गेंद पर डीप में कैच आउट हो गईं। उनके बाद आईं गुनालन कमलिनी सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों पर 40 रन की उपयोगी पारी खेली। वह 18वें ओवर में स्टंप आउट हुईं। इसके बाद ऋचा घोष भी जल्दी आउट हो गईं, लेकिन दूसरे छोर पर शेफाली डटी रहीं और भारत को 195 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
भारतीय गेंदबाजों के सामने बांग्लादेश ने टेके घुटने
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही बांग्लादेश पर दबाव बना दिया। नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ ने शुरुआती तीन ओवरों में जुआइरिया फर्डूस और शोभना मोस्तारी को आउट कर बांग्लादेश का स्कोर 9/2 कर दिया।
इसके बाद दिलारा अख्तर और कप्तान निगार सुल्ताना ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी हुई, लेकिन श्री चरानी ने निगार सुल्ताना को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद बांग्लादेश के विकेट लगातार गिरते गए और पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई।
बांग्लादेश की ओर से दिलारा अख्तर ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। भारत के लिए दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि श्री चरानी को दो विकेट मिले।







